राहतों के साथ कल से रोजगार पर जोर, खुलेंगी दुकानें और चल सकेंगे ऑटो
गुना । कोरोना महामारी के चलते अब लॉकडाउन 17 मई तक बढ़ गया
है। लेकिन गुना ग्रीन जोन में होने से चार मई से जिलेवासियों को कई राहत मिलने
वाली हैं। इनमें ज्यादातर दुकानें खुलेंगी, तो संक्रमण फैलने की संभावना वाले संस्थान
बंद रखे जाएंगे। खास बात यह कि अब प्रशासन का जोर रोजगार पर है इसलिए रोजगार देने
वाले संस्थान और ऑटो, बस आदि को सशर्त शुरू कराया जाएगा। लेकिन शाम 7 से सुबह 7 बजे तक पूरी
तरह लॉकडाउन का पालन करना होगा। क्योंकि, प्रशासन अब कोरोना मुक्त पहले जिले में
शामिल होने की तैयारी में है।
कलेक्टर एस. विश्वनाथन ने बताया कि कोरोना महामारी को लेकर हम शुरू से ही अलर्ट रहे हैं, जिसका नतीजा है कि गुना ग्रीन जोन में है। हमने लॉकडाउन के बीच जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाया। जनता को राहत दी, तो उसमें भी समय को धीरे-धीरे बढ़ाया। पहले 9 बजे, फिर 12 बजे और अभी 5 बजे तक दुकानें खोली जा रही हैं। लेकिन चार मई से दो घंटे बढ़ाकर शाम 7 बजे तक दुकान-संस्थान खोले जा सकेंगे। हालांकि, अब जिलेवासी भी महामारी को लेकर जागरुक हैं, लेकिन जब तक जिला कोरोना मुक्त नहीं हो जाता, तब तक हमें शारीरिक दूरी बनाते हुए मॉस्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के अलावा कपड़ा, जनरल स्टोर, पान और शराब आदि की दुकानें भी खोली जा सकेंगी। लेकिन सेलून, होटल, रेस्टोरेंट, भोजनालय, मॉल, स्कूल-कॉलेज के साथ सिनेमाघर पूरी तरह बंद रहेंगे। वहीं शाम सात से सुबह सात बजे तक जिले में लॉकडाउन रहेगा, जहां आवश्यक काम और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरत में आना-जाना हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं